
रोहड़ू (शिमला), 18 जून। शिमला जिला के रोहड़ू क्षेत्र में एक 77 वर्षीय बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि अज्ञात बदमाश चोरी की नीयत से घर में घुसे थे और वारदात के दौरान महिला की हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, रोहड़ू उपमंडल की टिक्कर पुलिस चौकी के अंतर्गत शलाश-दोगरी क्षेत्र निवासी गीता देवी (77) अपने घर में अकेली रहती थीं। बुधवार सुबह उनकी देखभाल करने वाली महिला ने उनके बेटे को फोन कर बताया कि गीता देवी काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आई हैं और बिस्तर पर पड़ी हुई हैं।
सूचना मिलते ही उनका बेटा घर पहुंचा। कमरे में पहुंचने पर उसने अपनी मां को मृत अवस्था में पाया, जिसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 16 और 17 जून की मध्यरात्रि के दौरान कुछ अज्ञात लोग घर का दरवाजा तोड़कर भीतर घुसे थे। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस को संदेह है कि आरोपियों का उद्देश्य चोरी करना था। घर के अंदर संघर्ष और सामान बिखरा होने के संकेत मिले हैं, जिससे वारदात के दौरान विरोध होने की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। फॉरेंसिक टीम की सहायता से घटनास्थल की गहन जांच की जा रही है। आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है तथा संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में जानकारी एकत्र की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है।
