
शिमला। हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से छात्रों और युवाओं से सीधे संवाद करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि प्रधानमंत्री अपनी राजनीतिक विरासत को और मजबूत करना चाहते हैं, तो उन्हें देश के युवाओं की भावनाओं को समझते हुए जंतर-मंतर और दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों से बातचीत करनी चाहिए।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि जैसे पंडित जवाहरलाल नेहरू को आज भी “चाचा नेहरू” के नाम से याद किया जाता है, उसी प्रकार यदि प्रधानमंत्री युवाओं के हित में संवाद और समाधान का रास्ता अपनाते हैं तो भविष्य में उन्हें भी “चाचा मोदी” के रूप में याद किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने युवाओं की आवाज़ को मजबूती से उठाया है और अब प्रधानमंत्री को भी उनकी मांगों पर ध्यान देना चाहिए। उनके अनुसार यह टकराव का नहीं, बल्कि समाधान निकालने का समय है।
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि देश के युवाओं का भविष्य सुरक्षित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विपक्ष की बात सुनने और ऐसा निर्णय लेने की अपील की जिससे देश के युवाओं का भविष्य और लोकतांत्रिक परंपराएं मजबूत हों।
