
शिमला। हिमाचल प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ ने रविवार को राजधानी शिमला के चौड़ा मैदान में नई परिसर (स्कूल कॉम्प्लेक्स) प्रणाली के विरोध में प्रदेशस्तरीय प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में प्रदेशभर से हजारों जेबीटी शिक्षक शामिल हुए। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र प्रशासन ने चौड़ा मैदान और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया।
प्राथमिक शिक्षक संघ के नेताओं ने आरोप लगाया कि नई परिसर प्रणाली से प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था प्रभावित होगी तथा जेबीटी शिक्षकों और प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों की प्रशासनिक भूमिका कमजोर पड़ेगी। उनका कहना है कि इससे छोटे प्राथमिक विद्यालयों की स्वायत्तता और पहचान भी प्रभावित होगी।
शिक्षक संघ ने सरकार से नई परिसर प्रणाली की अधिसूचना तत्काल वापस लेने तथा किसी भी बड़े बदलाव से पहले शिक्षक संगठनों से व्यापक चर्चा करने की मांग की। संघ द्वारा 11 जुलाई को बगलामुखी मंदिर से शुरू की गई ‘प्राथमिक शिक्षा बचाओ न्याय यात्रा’ रविवार को शिमला पहुंची, जिसके बाद चौड़ा मैदान में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया।
धरने के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिक्षक प्रतिनिधियों से बातचीत की, लेकिन वार्ता किसी ठोस निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी। इसके बाद शिक्षक संघ ने स्पष्ट किया कि जब तक नई परिसर प्रणाली की अधिसूचना वापस नहीं ली जाती और उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
