शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की 16 और 17 जुलाई को धर्मशाला में प्रस्तावित पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की बैठक में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू मंत्रिमंडल के विस्तार और संभावित फेरबदल को लेकर अहम चर्चा होने की संभावना है। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा राज्य की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने बैठक की पुष्टि करते हुए बताया कि इसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और आगामी राजनीतिक रणनीति बैठक के प्रमुख एजेंडे में रहेगी।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भी मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना स्वीकार करते हुए कहा कि अंतिम निर्णय कांग्रेस हाईकमान करेगा। उन्होंने बताया कि मौसम अनुकूल रहने पर 16 और 17 जुलाई को PAC की बैठक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होगी।
सूत्रों के अनुसार, मंत्रिमंडल में एक पद पहले से रिक्त है, जबकि एक-दो मंत्रियों के विभागों में फेरबदल अथवा उन्हें हटाए जाने की भी चर्चाएं हैं। ऐसे में नए चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की संभावना जताई जा रही है। कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर का मंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है।
यदि मंत्रिमंडल में दो नए चेहरों को जगह मिलती है तो ज्वालाजी से संजय रत्न, पालमपुर से आशीष बुटेल और अर्की से संजय अवस्थी के नाम भी संभावित दावेदारों में बताए जा रहे हैं। अंतिम निर्णय में क्षेत्रीय और राजनीतिक संतुलन को प्राथमिकता दी जा सकती है।
इसके अलावा, राज्य विधानसभा में डिप्टी स्पीकर का पद भी लंबे समय से रिक्त है। माना जा रहा है कि आगामी मानसून सत्र से पहले नए मंत्री और डिप्टी स्पीकर की नियुक्ति के साथ मंत्रियों के विभागों में भी फेरबदल किया जा सकता है।
