
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा है कि प्रदेश के जल शक्ति विभाग में चालू वित्त वर्ष के दौरान लगभग 4000 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
हरोली के पालकवाह ऑडिटोरियम में आयोजित जलापूर्ति एवं सिंचाई योजनाओं के संचालन, रखरखाव तथा जल गुणवत्ता निगरानी विषयक कार्यशाला एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पर्याप्त मानव संसाधन के बिना किसी भी योजना का प्रभावी क्रियान्वयन संभव नहीं है। इसी उद्देश्य से विभाग में रिक्त पदों को चरणबद्ध तरीके से भरा जाएगा।
उन्होंने नव-नियुक्त पैरा पंप ऑपरेटरों, पैरा फिटरों, मल्टीपर्पज वर्करों तथा वाटर गार्डों को विभाग की महत्वपूर्ण कार्यशक्ति बताते हुए ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही आश्वस्त किया कि वर्तमान सरकार कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक निर्णय लेती रहेगी।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में पेयजल की गुणवत्ता सुधारने तथा जल शुद्धिकरण व्यवस्था को आधुनिक बनाने के उद्देश्य से लगभग ₹2000 करोड़ की व्यापक योजना लागू की जा रही है। उन्होंने कहा कि इससे आम जनता को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण सफलता मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान जल शक्ति विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया।
