हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने सभी कर्मचारियों की उपस्थिति को अब मोबाइल ऐप के माध्यम से अनिवार्य कर दिया है। विभाग ने आदेश जारी कर बताया कि कर्मचारी अपनी उपस्थिति HP AeBAS (Aadhaar Enabled Biometric Attendance System) ऐप के ज़रिए दर्ज करेंगे।
निर्देशों के अनुसार, सभी कर्मचारी गूगल प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से HP AeBAS ऐप डाउनलोड करेंगे और अपने पहले से बने HIMACCESS ID के माध्यम से लॉग-इन करेंगे। ऐप में भवन और शिफ्ट मैप करने के बाद कर्मचारी उपस्थिति दर्ज कर सकेंगे।
स्वास्थ्य निदेशक द्वारा जारी आदेश में सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों और मेडिकल सुपरिंटेंडेंट्स को निर्देश दिए गए हैं कि सभी कर्मचारी प्रतिदिन दो बार अपनी उपस्थिति ऑनलाइन दर्ज करें। जिलों और स्वास्थ्य संस्थानों में ऑनलाइन उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया है।
विभाग ने इसे अत्यंत आवश्यक बताते हुए तुरंत प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए हैं।
