जिला ऊना के बाद अब सोलन भी गोलीबारी की घटना से दहल उठा। सुल्तानपुर रोड पर स्थित एक निजी विश्वविद्यालय के पास गुरुवार को एक युवक ने सरेआम पिस्टल लहराते हुए कई राउंड हवाई फायर कर दिए। अचानक हुई फायरिंग से पूरा क्षेत्र सहम गया और विश्वविद्यालय के छात्रों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई विद्यार्थी डर के मारे इधर-उधर भागते नजर आए।
घटना के तुरंत बाद आरोपी युवक भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन सोलन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही काबू कर लिया। पुलिस की तत्परता से किसी बड़े हादसे को टाल दिया गया। फायरिंग की वजह से क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।
पहले भी हुई थी कहासुनी–
जिला पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले विश्वविद्यालय के दो छात्र समूहों में विवाद हुआ था। इसी मामले में आज दोनों पक्षों के अभिभावकों को बुलाया गया था। इसी दौरान युवक ने अचानक फायरिंग कर सनसनी फैला दी।
एसपी ने बताया कि युवक द्वारा इस्तेमाल की गई पिस्टल लाइसेंसी है या अवैध, इसकी जांच जारी है। हथियार को कब्जे में ले लिया गया है और फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है।
सुरक्षा पर उठे सवाल–
ऊना के बाद सोलन में हुई यह घटना प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है। विश्वविद्यालय क्षेत्र में पढ़ने वाले छात्रों और आसपास के स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने कहा कि सभी पहलुओं पर विस्तार से जांच की जा रही है।
