
शिमला। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि जनता के जनादेश को दबाने और कुचलने के प्रयास किए गए, लेकिन कांग्रेस सरकार अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सकी। उन्होंने दावा किया कि जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया है और प्रदेश को वर्तमान सरकार से मुक्ति दिलाने की जिम्मेदारी भाजपा को सौंपी है। वह शनिवार को शिमला में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के लगभग चार वर्षों के कार्यकाल में प्रदेश के विकास कार्य पूरी तरह ठप हो गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के समय बजट प्रावधान के साथ शुरू किए गए कई विकास कार्य रोक दिए गए, जबकि स्कूलों, कॉलेजों, स्वास्थ्य संस्थानों, सरकारी कार्यालयों और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं को भी बंद कर दिया गया। उनका कहना था कि सरकार का दायित्व विकास को गति देना होता है, लेकिन वर्तमान सरकार ने प्रदेश को पीछे धकेलने का काम किया है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव के दौरान युवाओं, महिलाओं, किसानों, बागवानों और कर्मचारियों से कई गारंटियां और बड़े वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्हें पूरा नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की वादाखिलाफी से जनता निराश है और भाजपा जनआंदोलन के माध्यम से इन मुद्दों को गांव-गांव तक पहुंचाएगी।
