धर्मशाला में कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक स्थगित, मंत्रिमंडल विस्तार पर फिलहाल विराम l

धर्मशाला, 14 जुलाई। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति की 16 और 17 जुलाई को धर्मशाला में प्रस्तावित बैठक स्थगित कर दी गई है। अब यह बैठक अगले सप्ताह आयोजित होगी, हालांकि नई तिथियों की घोषणा अभी नहीं की गई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की व्यस्तता को बैठक स्थगित होने का प्रमुख कारण बताया गया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार ने बैठक टलने की पुष्टि की है।
बैठक में संगठनात्मक मुद्दों, सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय, राजनीतिक नियुक्तियों तथा विभिन्न लंबित मामलों पर चर्चा प्रस्तावित थी। इसके साथ ही लंबे समय से चर्चा में चल रहे मंत्रिमंडल विस्तार को भी प्रमुख एजेंडे में शामिल किया गया था।
बैठक के स्थगित होने से मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चल रही अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है। इससे पहले माना जा रहा था कि बैठक के बाद मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अंतिम निर्णय ले सकते हैं। विभिन्न बोर्डों और निगमों में लंबित राजनीतिक नियुक्तियों पर भी फैसले की उम्मीद जताई जा रही थी।
मुख्यमंत्री सुक्खू पहले भी स्पष्ट कर चुके हैं कि मंत्रिमंडल विस्तार संगठन और पार्टी हाईकमान की सहमति के बाद ही किया जाएगा। वहीं प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल भी लंबित राजनीतिक मामलों पर शीघ्र निर्णय लेने की बात कह चुकी हैं।
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल में संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार अभी भी एक मंत्री पद रिक्त है। प्रस्तावित बैठक में संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने तथा जिला स्तर पर संगठन की स्थिति की समीक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा होनी थी। बैठक स्थगित होने के बाद अब इन सभी मुद्दों पर निर्णय अगले सप्ताह होने वाली बैठक पर निर्भर करेगा।
