
शिमला। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने हिमाचल प्रदेश में अगले पांच से सात दिनों तक मानसून के सक्रिय बने रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में कई स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। लगातार वर्षा के चलते भूस्खलन, अचानक बाढ़ तथा नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि का खतरा बना हुआ है।
आईएमडी के शिमला मौसम विज्ञान केंद्र के प्रमुख शोभित कटियार ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश दर्ज की गई। मंडी और हमीरपुर के कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा हुई, जबकि शिमला सहित अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे प्रदेश के लिए संवेदनशील रहेंगे। प्रभावित जिलों में लगभग प्रतिदिन कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि अन्य क्षेत्रों में भी अगले चार से पांच दिनों तक हल्की से मध्यम वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना है।
आईएमडी ने लोगों और पर्यटकों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सतर्क रहने तथा मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी सलाह का पालन करने की अपील की है।
