
शिमला।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को गति देने का निर्णय लिया है। प्रदेश कांग्रेस के महासचिव यदुपति ठाकुर ने कहा कि पार्टी की दो दिवसीय आमसभा में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की प्रभारी रजनी पाटिल के संबोधन से कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में नया उत्साह देखने को मिला है।
उन्होंने बताया कि बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं को एकजुट रखने और जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाने पर विशेष जोर दिया गया। प्रदेशभर से आए ब्लॉक अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों और अन्य पदाधिकारियों ने भी आमसभा को संगठन के लिए नई ऊर्जा देने वाला बताया।
प्रदेश कांग्रेस ने आने वाले दिनों में केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। साथ ही राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को गांव-गांव तथा घर-घर तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में संगठन के विस्तार, 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों तथा विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। कांग्रेस नेताओं ने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और संगठन की एकजुटता से पार्टी प्रदेश में और मजबूत होगी तथा जनता से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।
