शिमला। शिमला जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पिछले दो सप्ताह के दौरान पुलिस ने सात अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 157 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में कुछ को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है, जबकि अन्य पुलिस रिमांड पर हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 23 जून को रोहड़ू उपमंडल की डिटेक्शन सेल ने गुप्त सूचना के आधार पर नालू-महेंदली के पास एक कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड में छिपाकर रखी गई प्लास्टिक की पुड़िया से करीब पांच ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस मामले में पुलिस थाना रोहड़ू में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज कर जुब्बल निवासी मनोरंजन कुमार, गोपी चंद और रजत औक्टा के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
24 जून को स्पेशल सेल शिमला ने एनएच-05 पर शोघी के पास नाकाबंदी के दौरान एक टैक्सी की तलाशी ली। पुलिस के अनुसार चियोग निवासी विशाल महन्ता के बैग में रखे जूस के डिब्बे से करीब 27 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इसी रात होटल स्वास्तिक इन के पास बिहार के दरभंगा निवासी सुनील कुमार के बैग से सिगरेट की डिब्बी में छिपाकर रखी गई करीब नौ ग्राम हेरोइन बरामद की गई। उसे भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
26 जून को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एक मोटरसाइकिल की तलाशी ली। पिछली सीट के नीचे छिपाए गए पॉलीथीन पैकेट से करीब 31 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस मामले में विशार्थ आर्यन राणा और काव्या सिंह नेगी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
वहीं 2 जुलाई को स्पेशल सेल ने घोड़ा चौकी स्थित एक किराये के कमरे में दबिश दी। तलाशी के दौरान गद्दे के नीचे से करीब सात ग्राम हेरोइन और 26 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। इस मामले में ज्वालामुखी (कांगड़ा) निवासी राकेश कुमार और जुब्बल निवासी हेमराज को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को छह जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
