
शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की दो दिवसीय पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की बैठक 16 और 17 जुलाई को धर्मशाला में प्रस्तावित है। बैठक में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू मंत्रिमंडल के विस्तार, मंत्रियों के विभागों में फेरबदल तथा संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने बैठक की पुष्टि करते हुए बताया कि इसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल भी शामिल होंगे। बैठक के दौरान संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक रणनीति पर भी मंथन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भी संकेत दिए हैं कि राज्य मंत्रिमंडल का विस्तार होना तय है। उन्होंने कहा कि इसकी अंतिम मंजूरी पार्टी हाईकमान देगा। यदि मौसम अनुकूल रहा तो 16-17 जुलाई को प्रस्तावित बैठक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होगी।
सुंदर सिंह ठाकुर का मंत्री बनना लगभग तय
सूत्रों के अनुसार, सुक्खू मंत्रिमंडल में मंत्री का एक पद अभी रिक्त है, जबकि एक-दो मंत्रियों को हटाए जाने की भी चर्चा है। ऐसे में जितने मंत्री हटेंगे, उतने ही नए चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। रिक्त पद पर कुल्लू से विधायक सुंदर सिंह ठाकुर का मंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है।
मानसून सत्र से पहले हो सकती है ताजपोशी
यदि मंत्रिमंडल में दो मंत्रियों की छुट्टी होती है तो संजय रत्न (ज्वालाजी), आशीष बुटेल (पालमपुर) और संजय अवस्थी (अर्की) में से किसी एक को भी मंत्री बनाया जा सकता है। इसके साथ ही प्रदेश में रिक्त पड़े डिप्टी स्पीकर के पद पर भी नियुक्ति की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि विधानसभा के मानसून सत्र से पहले मंत्रिमंडल विस्तार, विभागों में फेरबदल और डिप्टी स्पीकर की नियुक्ति पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है।
