
शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य की चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सरकारी मेडिकल कॉलेजों में सहायक प्रोफेसरों (असिस्टेंट प्रोफेसर) के 75 नए पद सृजित करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में स्वास्थ्य सचिव द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई है।
सरकार का यह फैसला प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में शिक्षण संकाय को सुदृढ़ करने तथा आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, ये नियुक्तियां 12 विभिन्न स्पेशियलिटी विभागों में की जाएंगी। नए पदों को डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा, श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक (मंडी), डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन, पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा तथा हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में वितरित किया गया है।
विभागवार पदों का विवरण इस प्रकार है:
रेडियो-डायग्नोसिस – 13 पद
स्त्री रोग एवं प्रसूति – 9 पद
बाल रोग – 8 पद
सामान्य चिकित्सा – 6 पद
बायोकेमिस्ट्री – 4 पद
सामान्य सर्जरी – 5 पद
पल्मोनरी मेडिसिन – 5 पद
कार्डियोलॉजी – 5 पद
माइक्रोबायोलॉजी – 5 पद
मनोरोग – 5 पद
ईएनटी – 5 पद
पैथोलॉजी – 5 पद
सरकार ने दूरदराज के क्षेत्रों में विशेष चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए नाहन और चंबा मेडिकल कॉलेज में कार्डियोलॉजी विभाग स्थापित करने का भी निर्णय लिया है। इसके तहत दोनों संस्थानों में कार्डियोलॉजी के सहायक प्रोफेसर (सुपर स्पेशियलिटी) के पद भी सृजित किए गए हैं।
इस फैसले से स्थानीय स्तर पर हृदय रोग विशेषज्ञों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी और मरीजों को उपचार के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
अधिसूचना के अनुसार, सभी पदों को मौजूदा भर्ती एवं पदोन्नति नियम (आरएंडपी नियम) के तहत भरा जाएगा, जिससे नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहेगी।
