
सुन्नी (शिमला), बुधवार: शिमला जिले के सुन्नी क्षेत्र में करीब एक महीने से लापता चल रहे 48 वर्षीय व्यक्ति का शव जंगल में पेड़ से लटका हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली कि बड़मैन धार के जंगल में एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका हुआ दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जंगल के ढांक वाले क्षेत्र में एक देवदार के पेड़ की टहनी से पीली और लाल रंग की रस्सी के सहारे एक शव लटका हुआ मिला, जो काफी हद तक सड़-गल चुका था।
पुलिस द्वारा मौके पर की गई प्रारंभिक जांच में रस्सी, कपड़ों तथा शारीरिक बनावट के आधार पर आशंका जताई गई कि शव प्रेम प्रकाश (48) पुत्र नील चंद, निवासी गांव जुब्बड़, डाकघर दुर्गापुर, तहसील सुन्नी, जिला शिमला का हो सकता है, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट 21 मई 2026 को पुलिस थाना सुन्नी में दर्ज करवाई गई थी।
बाद में मृतक के पिता नील चंद, भाई इन्द्र सहित अन्य परिजनों एवं ग्रामीणों ने शव की पहचान प्रेम प्रकाश के रूप में की। पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव को नीचे उतारा।
पुलिस के अनुसार शव की स्थिति को देखते हुए मृत्यु करीब एक माह पूर्व होने की आशंका है। शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल सुन्नी के शवगृह में रखा गया है।
प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत आगामी कार्रवाई अमल में ला रही है।
