
17 जून। भारतीय महिला हॉकी टीम ने एफआईएच महिला नेशंस कप न्यूज़ीलैंड 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए अपने दूसरे पूल-ए मुकाबले में जापान को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। यह मुकाबला ऑकलैंड के नॉर्थ हार्बर नेशनल हॉकी सेंटर में खेला गया।
भारतीय टीम की कप्तान सलीमा टेटे और लालरेमसियामी ने गोल दागकर टीम को जीत दिलाई, जबकि जापान की ओर से हिरामित्सु आई ने एकमात्र गोल किया। कप्तान सलीमा टेटे को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
यह मुकाबला भारतीय मिडफील्डर ज्योति के लिए भी बेहद खास रहा, जिन्होंने अपने करियर का 100वां सीनियर अंतरराष्ट्रीय मैच खेला। इस उपलब्धि पर टीम और प्रशंसकों ने उन्हें बधाई दी।
भारत ने इससे पहले अपने पहले मुकाबले में अमेरिका को हराया था और अब जापान पर जीत के साथ लगातार दूसरी जीत दर्ज की है। इस जीत के बाद भारतीय टीम छह अंकों के साथ पूल-ए में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।
अब भारतीय टीम टूर्नामेंट के अपने अंतिम पूल मुकाबले में उरुग्वे का सामना करेगी। यह मैच भारतीय समयानुसार कल सुबह 4:15 बजे खेला जाएगा। वहीं पूल-ए से दूसरे सेमीफाइनल स्थान के लिए जापान और अमेरिका के बीच मुकाबला होगा।
