शिमला। नगर निगम शिमला ने मॉल रोड पर अतिक्रमण हटाने के दौरान कर्मचारियों के साथ हुई हाथापाई पर कड़ा रुख अपनाया है। दुकानदारों द्वारा हुए कथित दुर्व्यवहार के बाद निगम प्रशासन ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है। मेयर सुरेंद्र चौहान ने स्पष्ट कहा कि नगर निगम कर्मचारियों के साथ बदसलूकी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मेयर चौहान ने बताया कि मॉल रोड और लोअर बाजार में बढ़ते अतिक्रमण के कारण आम लोगों का आना-जाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में समय-समय पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि बीते दिन जब निगम कर्मचारी मॉल रोड पर सामान हटाने पहुंचे तो कुछ दुकानदारों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया, जो अत्यंत निंदनीय है।
मेयर ने यह भी कहा कि हाई कोर्ट ने अतिक्रमण हटाने के स्पष्ट निर्देश दिए हुए हैं और नगर निगम उन्हीं दिशानिर्देशों के तहत कार्रवाई करता है। कर्मचारियों के साथ हाथापाई न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इसे कोर्ट की अवहेलना भी माना जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
