शिमला। उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज शिमला स्थित पीटरहॉफ होटल में हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के निदेशक मंडल की 162वीं बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उन्होंने घोषणा की कि 31 मार्च 2026 तक एचआरटीसी कर्मचारियों के 3 प्रतिशत महंगाई भत्ते (डीए) की बकाया राशि का भुगतान चार किश्तों में किया जाएगा।
इसके साथ ही उन्होंने कर्मचारियों के छह माह से लंबित मेडिकल बिलों के शीघ्र भुगतान के भी निर्देश दिए।
बैठक के दौरान उप-मुख्यमंत्री ने ‘हिम बस पोर्टल’ का शुभारंभ किया। इस पोर्टल के माध्यम से अब लोग हिम कार्ड ऑनलाइन बनवा सकेंगे, जो डाक द्वारा सीधे उनके पते तक पहुंचाए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त, एचआरटीसी ने वेतन खातों के साथ क्रेडिट स्कोर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए एक्सिस बैंक, यूको बैंक और पंजाब नेशनल बैंक के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। टिकट बुकिंग को और सुगम बनाने के लिए कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) की स्थापना का भी निर्णय लिया गया है। वर्तमान में प्रदेश में लगभग 6000 सीएससी कार्यरत हैं।
इससे पूर्व उप-मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश सिटी ट्रांसपोर्ट एवं बस अड्डा प्रबंधन एवं विकास प्राधिकरण (एचपीएससीटीबीएसएमडीए) के निदेशक मंडल की 72वीं बैठक की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उन्होंने बस अड्डा प्रबंधन के लिए विकसित ‘एसेट मैनेजमेंट एप्लिकेशन’ का शुभारंभ किया, जिससे बस अड्डों के संचालन, रख-रखाव और परिसंपत्तियों की निगरानी को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा सकेगा।
उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेशभर के बस अड्डों पर 410 दुकानें किराये पर आवंटित की गई हैं, जिससे प्रतिमाह लगभग 45 लाख रुपये की आय हो रही है।
बैठक में ठियोग बाजार में शॉपिंग व पार्किंग कॉम्प्लेक्स, मंडी बस अड्डे में कार पार्किंग व मल्टीपरपज़ हॉल के निर्माण का निर्णय लिया गया।
उप-मुख्यमंत्री ने थुनाग, दाड़लाघाट, हमीरपुर, बैजनाथ, भोरंज और फतेहपुर के बस अड्डों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही बिलासपुर के मंडी-भराड़ी, जयसिंहपुर, चंबा के पुराने बस अड्डे में कार पार्किंग व कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, तथा बद्दी में नए बस अड्डे की टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर परियोजनाओं को समयबद्ध रूप से आगे बढ़ाने के आदेश दिए।
