शिमला। हरियाणा और बिहार के चुनाव परिणामों के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर मतदाताओं का जनादेश “चुराने” का गंभीर आरोप लगाया है। इसी मुद्दे को लेकर युवा कांग्रेस ने भाजपा व चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। युवा कांग्रेस 20 नवंबर को शिमला में विरोध प्रदर्शन करेगी तथा राजभवन तक मार्च निकालेगी।
अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं हिमाचल युवा कांग्रेस प्रभारी शेष नारायण ओझा ने मंगलवार को शिमला में प्रेस वार्ता कर भाजपा पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने जो तथ्य और आंकड़े प्रस्तुत किए हैं, वे लोकतंत्र और चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर बड़ा सवाल खड़े करते हैं।
ओझा ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में व्यापक गड़बड़ियां भाजपा सरकार की सोची-समझी साजिश का हिस्सा हैं। कांग्रेस की जांच में हजारों ऐसे वोट सामने आए हैं जो फर्जी मकानों पर दर्ज हैं, वहीं कई मृत व्यक्तियों के नाम अब भी सूची में सक्रिय पाए गए। उन्होंने कहा कि एक ही व्यक्ति के नाम पर कई वोट दर्ज होना स्पष्ट संकेत है कि चुनावी पारदर्शिता पर खतरा मंडरा रहा है।
उन्होंने दावा किया कि जांच के दौरान एक ब्राज़ीलियन मॉडल के नाम पर 22 वोट दर्ज मिले हैं, जबकि एक विधानसभा क्षेत्र में किसी एक महिला की लगभग 100 तस्वीरें मतदाता सूची में सम्मिलित पाई गईं। एक बूथ पर एक बुजुर्ग महिला के नाम से 223 वोट दर्ज होने का मामला भी सामने आया, जबकि वह वास्तविकता में मौजूद ही नहीं है।
युवा कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत से हरियाणा का जनमत “चोरी” किया गया है। उन्होंने चुनाव आयोग से निष्पक्ष जांच की तत्काल मांग की। 20 नवंबर को युवा कांग्रेस शिमला में विरोध प्रदर्शन कर राजभवन तक मार्च निकालकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपेगी।
