शिमला, हिमाचल प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों के बीच मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कहा कि सरकार हर घटना पर तुरंत और कड़ी कार्रवाई कर रही है। मंडी जिले में हुई तेजाब हमले की घटना पर उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया था। पीड़िता को बचाने के लिए हर संभव प्रयास किए गए, लेकिन दुर्भाग्यवश PGI में उसकी मृत्यु हो गई। चौहान ने कहा कि यह एक घरेलू विवाद का मामला था और यह जांच की जा रही है कि तेजाब कहां से आया। दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
सोलन में यूनिवर्सिटी के बाहर हुए हवाई फायरिंग के मामले में भी पुलिस जांच में जुटी है। चौहान ने कहा कि यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी स्थानीय था या बाहरी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “हिमाचल में आकर अपराध करने वालों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी।”
“जयराम ठाकुर मीडिया में रहने के लिए आरोप लगाते हैं” — चौहान !
प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के आरोपों पर कड़ा पलटवार करते हुए नरेश चौहान ने कहा कि विपक्ष राजनीति प्रेरित बयानबाजी कर रहा है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल अब भी देश के सबसे शांत राज्यों में से एक है।
चौहान ने याद दिलाया कि भाजपा सरकार के समय पुलिस पेपर लीक हुआ था और सब-ऑर्डिनेट सर्विसेज कमीशन भ्रष्टाचार का केंद्र बन गया था। कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही आरोपियों पर कार्रवाई की, जबकि भाजपा अपने कार्यकाल में कुछ नहीं कर पाई।
“आपदाओं के बीच भी सरकार ने किया काम” — 3 साल के कार्यकाल पर जवाब !
सरकार के तीन साल के कार्यकाल पर विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए चौहान ने कहा कि ये तीन वर्ष आपदाओं और कठिन परिस्थितियों से भरे थे, लेकिन इसके बावजूद सरकार ने अपनी योजनाओं को धरातल पर उतारा है।
उन्होंने बताया कि 11 दिसंबर को मंडी में सरकार अपना रिपोर्ट कार्ड पेश करेगी, जिसमें नाच-गाना नहीं होगा, बल्कि लोकतांत्रिक परंपरा के तहत जनता को किए गए कार्यों की जानकारी दी जाएगी।
देहरा वीडियो पर सफाई — “कर्मचारियों की रजिस्ट्रेशन ठेकेदार की जिम्मेदारी”
कांगड़ा के देहरा में वायरल हुए वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए चौहान ने कहा कि बाहरी राज्यों से काम करने आने वाले मजदूरों की रजिस्ट्रेशन करवाना संबंधित ठेकेदारों की जिम्मेदारी है। इसके लिए प्रशासन को पहले से निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि वायरल वीडियो शायद पुराना हो सकता है, और सोशल मीडिया पर दोबारा प्रसारित किया जा रहा है।
