रोहडू, 22 नवंबर।
हिमाचल प्रदेश में मादक पदार्थ चिट्टा के खिलाफ चल रहे जन आंदोलन को और मजबूती देते हुए उपमंडल रोहडू में शुक्रवार को जागरूकता वॉकथॉन का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व उपमंडलाधिकारी (ना०) रोहडू धर्मेश रामौत्रा ने किया।
इस वॉकथॉन में स्कूलों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों, अभिभावकों, विभागीय अधिकारियों, विभिन्न संस्थाओं तथा आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत रामलीला मैदान रोहडू से हुई और प्रतिभागी पुराना बस अड्डा होते हुए इंदिरा गांधी आउटडोर स्टेडियम तक पहुंचे।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया और समाज को नशा मुक्ति के संकल्प के प्रति प्रेरित किया गया।उपमंडलाधिकारी धर्मेश रामौत्रा ने अपने संबोधन में कहा कि चिट्टे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ लड़ाई केवल प्रशासनिक स्तर पर संभव नहीं, बल्कि समाज की व्यापक भागीदारी के बिना इसे समाप्त करना कठिन है। उन्होंने कहा कि रोहडू क्षेत्र में एनडीपीएस मामलों में वृद्धि चिंता का विषय है, इसलिए युवाओं को बचाने के लिए अब गंभीर कदम उठाने होंगे।
उन्होंने युवाओं से चिट्टे की गिरफ्त में न आने की अपील की तथा जो लोग नशे की लत में फंसे हैं, उन्हें बाहर निकालने में सहयोग करने का आग्रह किया।वॉकथॉन में 9वीं से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं सहित लगभग 2000 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिसमें रोहडू के 12 स्कूलों एवं 3 महाविद्यालयों ने भागीदारी की।युवाओं को प्रेरित करने के लिए कार्यक्रम में सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रस्तुतियां भी दी गईं। अंत में उपमंडल प्रशासन ने सहयोगी विभागों, स्कूलों, संगठनों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियानों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
