श्रीनगर। जम्मू–कश्मीर के श्रीनगर में नौगाम पुलिस स्टेशन में गुरुवार देर रात लगभग 11:20 बजे बड़ा धमाका हो गया। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। घायलों को 92 आर्मी बेस हॉस्पिटल और SKIMS सौरा में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
जांच के दौरान फटा जब्त विस्फोटक—
धमाका उस समय हुआ जब पुलिस दिल्ली ब्लास्ट के एक आतंकी मॉड्यूल से बरामद किए गए विस्फोटक (अमोनियम नाइट्रेट) की जांच कर रही थी। यह विस्फोटक 360 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट का हिस्सा था, जिसे हाल ही में हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार किए गए आरोपी के किराए के घर से बरामद किया गया था।
दिल्ली ब्लास्ट से जुड़े मॉड्यूल पर कार्रवाई जारी–
दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास 10 नवंबर को हुई I20 कार ब्लास्ट की जांच के बाद अब तक 8 संदिग्ध आतंकियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि नौगाम पुलिस स्टेशन में पूरा 360 किलो विस्फोटक रखा गया था या उसका एक हिस्सा जांच के लिए लाया गया था। 10 नवंबर को हुए लाल किला मेट्रो स्टेशन ब्लास्ट में 13 लोगों की मौत हुई थी।
