शिमला। प्रदेश में बढ़ रही नशे की समस्या, विशेषकर चिट्टे के बढ़ते प्रचलन के खिलाफ मंगलवार को शिमला के रिज मैदान से राज्य स्तरीय वॉकाथन का शुभारंभ किया गया। पुलिस विभाग द्वारा आयोजित इस वॉकाथन में बड़ी संख्या में लोगों ने “नशा छोड़ो, जीवन अपनाओ” के नारे के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने किया और स्वयं भी वॉकाथन में शामिल हुए।
वॉकाथन रिज मैदान से शुरू होकर विधानसभा मार्ग होते हुए चौड़ा मैदान पर संपन्न हुई।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि नशामुक्त हिमाचल अभियान आगामी तीन महीनों तक चलेगा, जिसके तहत राज्य स्तर से लेकर पंचायत स्तर तक जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। इसमें सरकारी विभागों, स्थानीय प्रशासन, पुलिस, स्वयंसेवी संगठनों, विद्यार्थियों व आम जनता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
सीएम सुक्खू ने कहा कि सरकार नशाखोरी के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है और नशे का कारोबार करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने नशा निवारण और युवा पीढ़ी को स्वस्थ वातावरण प्रदान करने के लक्ष्य को दोहराया।
मुख्यमंत्री के बाद यह मुहिम प्रदेश के सभी जिलों में भी स्थानीय पुलिस और प्रशासन की भागीदारी से जारी रहेगी, ताकि पूरे हिमाचल में नशामुक्ति की व्यापक जनजागरण लहर को गति मिल सके।
