मंडी, 11 नवंबर 2025।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंडी में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि आपदा राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम को सरकार ने “राजनीतिक मंच” में बदल दिया और “संवेदनहीनता की सारी सीमाएं पार कर दीं।”“विपक्ष के विधायकों को बुलाया तक नहीं गया”—
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सरकार ने जानबूझकर कार्यक्रम से भाजपा विधायकों को दूर रखा। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री कहते हैं कि हमने कार्ड भेजे, तो कार्ड दिखाएं। सरकार के मंत्री जिस भाषा में बोल रहे हैं, वह उनकी मानसिक स्थिति और मुख्यमंत्री की बेबसी दिखाती है।”
केंद्र की मदद और खर्च पर बड़ा सवाल—
नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि:
2023 से अब तक केंद्र सरकार ने हिमाचल को 5,500 करोड़ रुपये की सहायता दी l
1.11 लाख प्रधानमंत्री आवास भी स्वीकृत हुए—
“इसके बावजूद सुक्खू सरकार आपदा प्रभावितों पर 5500 करोड़ का दसवां हिस्सा भी खर्च नहीं कर पाई” उन्होंने कहा कि CM द्वारा प्रचार किए जा रहे कार्यक्रम में केवल 81 करोड़ रुपये ही बांटे गए और वह भी चार महीने की देरी से।हाइड्रो प्रोजेक्ट्स पर ठेकेदारों को लेकर गंभीर आरोप—
जयराम ठाकुर ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य के प्रतिष्ठित PSUs से काम छीनकर कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के ठेकेदारों को दिया जा रहा है। उन्होंने पूछा, “यह कैसा प्रदेशहित है? क्या इसलिए कि सरकारी कंपनियां वह नहीं दे पाएंगी जो निजी ठेकेदार दे रहे हैं?”
शराब नीति पर हमला: “दिल्ली मॉडल की तरह खेल”—
शराब नीति में हालिया बदलाव को लेकर जयराम ठाकुर ने कहा:
कोटे में बदले नियम से एक पेटी पर लगभग 1,250 रुपये का नुकसान l इससे सरकार को सैकड़ों करोड़ का राजस्व घाटा l “यह वही मॉडल है जिस पर दिल्ली में अरविंद केजरीवाल फंसे थे”
उन्होंने अम्ब स्थित शराब फैक्ट्री में हुई रेड का भी उल्लेख किया और आरोप लगाया कि “मुख्यमंत्री कार्यालय के लोग कार्रवाई रुकवाने में लगे थे।”
आपदा दौरे और कामकाज पर तंज—
जयराम ठाकुर ने कहा कि वह किसी भी कांग्रेस नेता से ज्यादा आपदा प्रभावित इलाकों में गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री कई महत्वपूर्ण घटनाओं के समय प्रदेश में मौजूद भी नहीं थे।
“बिलासपुर में 16 लोगों की मौत हो गई, मुख्यमंत्री वहां तक नहीं गए। विधानसभा में आपदा पर चर्चा चल रही थी और वह बिहार में चुनावी यात्रा कर रहे थे।”
